राम के धनुष तोड़ते ही बरसे फूल
कस्बा कमासिन में धनुष यज्ञ की रामलीला संपन्न
कमासिन, के एस दुबे । कस्बा में विगत 115 वर्षों से संचालित रामलीला के इस वर्ष की रामलीला के पांचवें दिन धनुषयज्ञ की रामलीला संपन्न हुई। शतानंद तब जनक बुलाए, व्यास ने जैसे ही इस चौपाई का गायन किया, मिथिला नरेश जनक के बुलाने पर देश-विदेश के राजा धनुष यज्ञ समारोह में शिरकत करने पहुंच गए। लंकापति रावण, बाणासुर सहित हास्य कलाकार भी पहुंचे। रामलीला में पात्रों ने बहुत ही सजीव चित्रण किया। रावण, बाणासुर संवाद में जहां एक ओर ज्ञानवर्धक बातें दर्शकों को सुनाई, वहीं दूसरी तरफ हास्य कलाकार ने उपस्थित दर्शकों का बहुत ही मनोरंजन करते हुए हंसाया। जनक अभिनेता कमलेश त्रिपाठी के करुण रस ने अभिनय करते हुए माताओं व बहनों को रुला दिया। लक्ष्मण, परशुराम संवाद में पूरी रात दर्शक ज्ञानवर्धक बातें सुनते रहे। सुबह आठ बजे दिन तक चले लक्ष्मण परशुराम संवाद में वाद-विवाद व शास्त्र सम्मत बातों से लक्ष्मण और परशुराम एक दूसरे से हार मानने को तैयार नहीं थे। दोनों का विवाद राम जी के हस्तक्षेप पर समाप्त हुआ।
| रामलीला के दौरान मंचन करते कलाकार |
रामलीला समिति के अध्यक्ष रेवती रमण मिश्र, प्रबंधक ज्ञान सिंह यादव, कोषाध्यक्ष अनिल गुप्ता, संचालक डा. बलराम शर्मा, संरक्षक राजीव तिवारी, मनोज द्विवेदी, दिनेश मिश्र, दिनेश रूपौलिहा, राजेंद्र गुप्ता, सुशील द्विवेदी, भरतलाल यादव, विक्रम यादव सहित कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय रही। रामलीला समिति के मीडिया प्रभारी भवानीदीन यादव एवं अरुण मिश्र ने बताया कि 15 दिवसीय रामलीला में स्थानीय कलाकारों का बहुत ही सराहनीय योगदान रहता है। संभावना है की शरद पूर्णिमा में लगने वाले विराट दंगल के रद्द किए जाने के बाद भी रामलीला कमेटी के सहयोग से कस्बा कमासिन में दंगल की परंपरा को जीवन्त रखते हुए विराट दंगल का आयोजन किया जाएगा।
No comments