Breaking News

सफाई कर्मियों की हड़ताल से लगा गंदगी का अंबार

चार माह से वेतन न मिलने से भुखमरी की कगार पर पहुंचे

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि। जहाँ एक ओर प्रधानमंत्री स्वच्छता मिशन पूरे देश और प्रदेश में मनाया जा रहा है, वहीं राजापुर नगर पंचायत के सफाई कर्मियों का चार माह से वेतन न मिलने के कारण झाड़ू बन्द अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दिया है। जिससे पूरे नगर क्षेत्र में कूड़ा और गन्दगी का अम्बार लगता जा रहा है। व्यापारी अपने अपने दुकानों के सामने कूड़ा इकट्ठा कर आग के हवाले कर रहे हैं। 

सफाईकर्मी यूनियन के सफाई नायक धनराज प्रसाद ने बताया है कि रक्षाबन्धन, दशहरा, नवरात्रि त्योहार बीत जाने के बावजूद भी नगर पंचायत द्वारा वेतन का भुगतान न किए जाने से सफाईकर्मी भुंखमरी की कगार पर खड़े हो गए हैं और कस्बे के व्यापारी राशन सामग्री उधार देने से साफ इंकार कर रहे हैं। जिससे सफाईकर्मी का पूरा

हड़ताल पर सफाई कर्मी।

परिवार एक एक दाने के लिए मोहताज हो रहा है। सफाई नायक ने बताया कि जब तक चार माह का वेतन नहीं मिलेगा तब तक अनिश्चितकालीन झाड़ू बन्द हड़ताल जारी रहेगा। कस्बे के अजय मोदनवाल, रिंकू जायसवाल, ज्ञानप्रकाश जायसवाल, आनंदी प्रसाद अग्रहरि, संजय सोनी आदि व्यापारियों ने बताया कि नाली चोक हो जाने के कारण सड़कों एवं नालियों से बदबू युक्त पानी बह रहा है जिसके कारण दुकानों में बैठना दूभर हो रहा है। आवागमन में भारी किल्लतों का सामना करना पड़ रहा है। हवाओं के माध्यम से सड़कों का कूड़ा दुकानों व घरों में घुस रहा है। जहाँ नगर विकास के लिए करोड़ो रूपये खर्च किये जाते हैं। सफाई कर्मियों का वेतन क्यों नही दिया जाता। अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत राजापुर बीएन कुशवाहा का कहना है कि चार पाँच वर्ष पहले प्रदेश सरकार द्वारा नगर पंचायत को राज्य वित्त के रूप में 18 लाख रुपए निर्गत किए जाते थे। जब से कोरोना काल आया तब से राज्य वित्त में एक बार 9 लाख रुपए तथा इस वर्ष साढ़े सात लाख रुपए ही दिए गए हैं। जिसके कारण सफाई कर्मियों का वेतन नहीं दिया जा सका तथा टाउन फण्ड से रिपेयरिंग, डीजल, फॉगिंग जैसे कार्यों में खर्च हो जाते हैं। गृह कर के अलावा नगर पंचायत में आय के अन्य कोई स्रोत न होने के कारण आर्थिक संकट से नगर पंचायत गुजर रही है और बताया कि तीन लोग स्थाई तौर पर नौकर्मी संविदा में हैं व 45 सफाईकर्मी ठेके पर रखे गए हैं। जो सब हड़ताल पर हैं। इस समस्या से निपटने के लिए शासन को राज्य वित्त बढाने के लिए माँग पत्र प्रेषित किया जा चुका है। उन्होने बताया कि सफाईकर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के मद्देनजर नगर पंचायत अध्यक्षा सफाई कर्मियों के यूनियन लीडर के मध्य वार्ता कर विकल्प निकाला जाएगा।


No comments