एड्स के बारे में दी गई जानकारी, दूर की भ्रांतियां
हाथ मिलाने या साथ भोजन करने से नहीं फैलता एड्स
अतर्रा, के एस दुबे । अतर्रा महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में विश्व एड्स दिवस कोविड-19 के मानकों के तहत मनाया गया।प्राचार्य डा. अवधेश मिश्रा व वाणिज्य संकाय के विभागाध्यक्ष डा. पीपी पुरवार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
![]() |
| कार्यक्रम को संबोधित करते अतिथि |
छात्रा रोशनी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके उपरान्त छात्रा आरती कुशवाहा ने एड्स से संबंधित विषाणु एचआईवी के विषय में विस्तृत व्याख्यान दिया। वहीं डा. पुरवार ने एड्स के प्रसार जैसे लैंगिक संसर्ग, संक्रमित रक्त के आदान-प्रदान, संक्रमित सुइयों के प्रयोग आदि से होने को बताकर इसके बचाव के लिए समाज में जागरूकता फैलाने की बात की। वनस्पति विभाग के विभागाध्यक्ष डा. आरके श्रीवास्तव ने एड्स को लेकर भ्रांतियां दूर की कि यह मिलाने या साथ भोजन करने से नहीं फैलता। डा.एके त्रिपाठी ने एड्स के रोग निदान एवं चिकित्सकीय लक्षण तथा डा. आरबी कुशवाहा ने इससे जागरूकता को लेकर अपना व्याख्यान दिया। प्राचार्य डा. अवधेश मिश्रा ने कहा कि एड्स की जानकारी वह बचाव ही एकमात्र उपाय है। लोगों के बीच ज्यादा से ज्यादा इसका प्रचार-प्रसार कर जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन डा. ब्रजनाथ पाण्डेय ने किया तथा सबका धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में वनस्पति विज्ञान विभाग तथा राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई 1, 2 व 3 के छात्र व छात्राएं मौजूद रहे।

No comments