Breaking News

शासन की मंशानुसार कार्य कर अमन-चैन का करायेंगे एहसास: सतपाल

नवागंतुक पुलिस अधीक्षक ने संभाला कार्यभार 

फतेहपुर, शमशाद खान । नवागंतुक पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने कहा कि शासन ने जिस उम्मीद के साथ उन्हें जनपद की कमान सौंपी है उस पर वह खरा उतरने का काम करेंगे। शासन की मंशानुसार कार्य करके जनपदवासियों के साथ-साथ जिले की सीमाओं से गुजरने वाले लोगों को अमन-चैन का एहसास करायेंगे। उन्होने कहा कि फरियादियों की शिकायतें स्थानीय स्तर पर थाने में पहुंची चाहिए। किसी कारणवश उनके पास आने वाले फरियादियों के लिए उनके द्वार 24 घण्टे खुले रहेंगे। अपराधियों की जगह जेल में होगी। सभी थाना प्रभारी व अधीनस्थ अपने-अपने व्यवहार में सुधार कर लें वरना कड़ी कार्रवाई की जायेगी। 

पत्रकारों से बातचीत करते नवागंतुक एसपी सतपाल अंतिल।

गुरूवार को नवागंतुक पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने सर्वप्रथम पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण किया। तत्पश्चात उन्होने स्टाफ के लोगों से मुलाकात कर परिचय हासिल किया। नवागंतुक पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि वह 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इसके पहले मुजफ्फरनगर में बतौर पुलिस अधीक्षक रहें हैं। एसपी के रूप में तैनाती वाला यह उनका दूसरा जिला है। उन्होने कहा कि जिले में कानून का राज स्थापित किया जायेगा। अपराधियों को समाज में नहीं घूमने दिया जायेगा वारंटी, जिला बदर व वांछित अपराधियों को जेल की सलाखांे के पीछे भेजना उनका मकसद होगा। उन्होने कहा कि सभी फरियादियों के लिए उनके द्वार 24 घंटे खुले रहेंगे। पहले तो फरियादी की शिकायत स्थानीय स्तर पर थाने में ही जानी चाहिए लेकिन इसके बावजूद किन्ही कारणवश अगर फरियादी उनके पास आता है तो वह देखेंगे कि इस पर थाना प्रभारी द्वारा क्या कार्रवाई की गई है? अगर फरियादी की शिकायत पर थाना प्रभारी द्वारा हीलाहवाली की बात सामने आती है तो उस थाना प्रभारी के खिलाफ तत्काल कार्यवाही की जायेगी। उन्होने जनपद में वाहन चोरी के सवाल पर कहा कि मामला संज्ञान में आया है और इस पर वह देखेंगे कि किन क्षेत्रों में ज्यादा चोरियां हो रहीं हैं। वहां व्यवस्थित काम किया जाएगा और अब अपराध करने वालों की खैर नहीं होगी। मादक पदार्थों की बिक्री की शिकायत पर उन्होंने कहा कि यथास्थिति देखकर मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और अगर यह बात सत्य पाई गई तो कार्रवाई तय है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप काम किया जाएगा ताकि जनपद की सीमाओं से गुजरने वाले लोग भी यह जाने कि फतेहपुर में अमन, चैन व सुकून है। तभी वह समझेंगे कि उनका जनपद में चार्ज लेकर काम करना सफल हुआ। उन्होने कहा कि थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ मित्रवत व्यवहार किया जाये। अगर उन्हें शिकायत मिली कि थाना प्रभारी व स्टाफ द्वारा पीड़ित के साथ अभद्रता की गयी है तो उसकी खैर नही होगी। रात्रि गश्त में तेजी लाई जायेगी जिससे अपराधों पर लगाम लगाई जा सके। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार भी मौजूद रहे। 


No comments